महासमुंद : सभी दुकानें रविवार सहित सभी दिवस में रात्रि 8.00 बजे तक खोले जा सकेंगे

महासमुंद( काकाखबरीलाल). छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद ज़िले में भी अब कोरोना संक्रमण की गति धीमी होती जा रही है। कोरोना में लगातार कमी को देखते हुए जिला महासमुन्द में आम जनता के आवागमन एवं अन्य सार्वजनिक गतिविधियों पर आगामी आदेश तक ज़िले की स्थायी एवं अस्थायी दुकानें अपने प्रचलित समय से रात्रि 8.00 बजे तक खोलने का ताज़ा आदेश जारी कर दिया है।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की स्थायी एवं अस्थायी दुकानें, शॉपिंग मॉल, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, सुपर मार्केट, सुपर बाजार, फल एवं सब्जी मंडी, बाजार, अनाज मंडी, शो-रूम, क्लब, मदिरा दुकानें, ठेला, सैलून, ब्यूटी पार्लर, स्पॉ, पार्क व जिम इत्यादि रविवार सहित सभी दिवस में उनके प्रचलित समय से रात्रि 08.00 बजे तक खोले जा सकेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभावशील है ।
जिले में कोरोना से निपटने के लिए रणनीति के तहत वैक्सीनेशन का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। पूरे ज़िले में कोविड टीकाकरण की प्रतिदिन कार्य योजना बना कर काम किया जा रहा है। अभी 18 से साल से ऊपर के सभी पात्र हितग्राहियों को टीका लगाया जा रहा है। इसके अलावा 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को प्लान अनुसार स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रथम एवं दूसरी डोज लगायी जा रही है। कलेक्टर श्री डोमन सिंह प्रतिदिन टीकाकरण प्रगति की जानकारी प्रति घंटे ले रहे है। गांव में मोबिलाइजेशन के लिए प्रचार-प्रसार, मुनादीआदि की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जिले में 45 से अधिक उम्र के लोगों को लक्ष्य से अधिक का पहली डोज लगायी जा चुकी है। वहीं 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण युद्धस्तर पर चल रहा है।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज बारिश के बीच जिला मुख्यालय महासमुंद के नजदीकी गांव घोड़ारी एवं बेलसोण्डा के टीकाकरण केंद्र पर पहुँचे। वहाँ किए जा रहे टीकाकरण की जानकारी स्वास्थ्य अमलों से ली। उन्होंनें केन्द्र पर टीकाकरण कराने आए लोगों से चर्चा भी की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि हम सभी लोगों को शासन द्वारा निःशुल्क में कोविड 19 का वैक्सीन लगाया जा रहा है। यह वैक्सीन कोविड 19 जैसे गंभीर वायरस के महामारी से निपटने में कारगर है। जितना जल्दी हम वैक्सीन कराएंगें, तो हमें कोरोना के संक्रमण से लड़ने में काफी मदद मिलेगी और हम अपने घर-परिवार, आस-पड़ोस एवं गांव को सुरक्षित रख पाएंगें। आप सभी लोग जानतें है कि इस महामारी ने पूरे विश्व में लाखों लोगों को चपेट में लिया था और हजारों लोगों की इस महामारी के कारण अकाल मृत्यु भी हुई है। कलेक्टर श्री सिंह ने ज़िले की सभी पात्र लोगों से अपील की कि अगर कोरोना से बचना है, तो टीकाकरण जरूर लगवाएं। वैक्सीनआज के समय में जरूरत बन गई है। इससे कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लोगों के टीकाकरण केंद्रों में टीकाकरण के लिए और अधिक से अधिक प्रगति लाने को कहा।
महासमुंद जिले में टीकाकरण का कार्य काफी अच्छे से चल रहा है। शासन द्वारा भी जिले को पर्याप्त मात्रा में टीकाकरण उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि पात्र नागरिकों का अधिक से अधिक वैक्सीनेशन किया जा सके। अन्य जिलों की अपेक्षा महासमुन्द जिला पात्र नागरिकों का टीकाकरण कराने में आगे है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में आज तक 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के एक लाख 11 हजार 111 नागरिकों ने टीकाकरण कराया है। जिले में प्रतिदिन लगभग 15 हजार लोगों का टीकाकरण कराया जा रहा है। मालूम हो कि जिले में 45 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र व्यक्तियों का प्रथम चरण में लक्ष्य से अधिक टीकाकरण का कार्य कराया जा चुका है। इसी तरह द्वितीय चरण को टीकाकरण का कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने कहा हमें और काम करने की जरूरत है। जिले में हर पात्र लोगों को कोविड की दोनां डोज लगे यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिले में 18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों को प्रथम चरण का टीकाकरण एवं 45 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र व्यक्तियों को द्वितीय चरण का टीकाकरण शत-प्रतिशत कराएं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाज सेवी संगठनों, समाज प्रमुखों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों सहित सभी विभागों को समन्वय के साथ टीकाकरण के लिए छुटे हुए लोगों को प्रेरित करने का काम करना होगा। ताकि हम आगामी एक माह में जिले के सभी पात्र आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण करा सकें। जिससे हम जिले को कोविड 19 से मुक्त कर सके।
























