छत्तीसगढ़

गांव के मकान में घुस गया तेंदुआ युवक हमला

कांकेर जिले के दुधावा गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ अचानक गांव के एक मकान में घुस गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की है। फत्तेसिंह नेताम के घर में दाखिल हुए तेंदुए ने घर के ही सदस्य वेद प्रकाश नेताम पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

बता दें कि हमले के बाद तेंदुआ घर के किचन में जा छिपा। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। डरे-सहमे परिवार और आसपास के लोग तुरंत बाहर निकल आए और वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी है।

वन मंडल अधिकारी (DFO) रौनक गोयल ने बताया कि तेंदुए को नियंत्रित करने के लिए घर के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाई गई है और ग्रामीणों को घरों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि कोई और अनहोनी न हो।

रायपुर से बुलाई गई विशेषज्ञों की टीम
यह बात भी सामने आई है कि यही तेंदुआ इससे पहले भी क्षेत्र में दहशत फैला चुका है और अब तक छह लोगों पर हमला कर चुका है। इसके बावजूद इलाके में स्थायी ट्रेंक्युलाइज टीम या विशेषज्ञ व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए रायपुर से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है, जिसका इंतजार किया जा रहा है। टीम के पहुंचने के बाद ट्रेंक्युलाइज कर तेंदुए को पिंजरे में बंद कर जंगल में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वन्यजीव हमलों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिले में स्थायी ट्रेंक्युलाइज टीम, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!