सरायपाली: इस मार्ग पर पसरा से राहगीरों के लिए हमेशा दुर्घटना का खतरा

शहर में अनेक स्थानों पर सड़क के किनारे अस्थायी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था में बहुत अधिक व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। दुकानों के आस-पास बड़ी संख्या में वाहनों के खड़े रहने से अन्य राहगीरों को बहुत अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के मुख्य मार्ग सहित पदमपुर मार्ग पर ओव्हरब्रिज के नीचे व आसपास प्रतिदिन इस तरह के कई अस्थायी दुकानों को देखा जा सकता है, जो सुबह से दिन भर कई तरह की दुकानें लगाकर सामान बेच रहे हैं। इन दुकानों के कारण आम राहगीरों के लिए हमेशा दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
इन दिनों शहर के मुख्य मार्ग पर गौरव पथ निर्माण का कार्य चल रहा है। एक तो सड़क निर्माण की धीमी गति और जगह-जगह उखड़े सड़क के कारण राहगीर, वाहन चालक वैसे ही परेशान हैं, उस पर सड़क के किनारों पर लगने वाले अस्थायी दुकानों ने आग में घी का काम किया है। वर्तमान में शहर के महलपारा से लेकर बैदपाली रोड तक सड़क के किनारों पर अनेक छोटी-बड़ी अस्थायी दुकानें संचालित हो रही है, जिनमें ग्राहकों का आना-जाना लगा रहता है। इन दुकानों में आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ी करके खरीददारी करते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। गौरव पथ निर्माण कार्य होने के कारण कई जगह सड़क उखड़े हुए हैं, जिसमें वाहन चालकों को तो समस्या होती ही है, ऐसे में सड़क के किनारे दुकानों के लग जाने से सड़क और अधिक संकरा हो रहा है। मुख्य मार्ग पर दिन भर हजारों दुपहिया, सैकड़ों चार पहिया वाहनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में भारी माल वाहक वाहनों का भी गुजरना होता है, ऐसी स्थिति में सड़क के दुकानों के कारण वहाँ खड़ी अन्य वाहनों से सभी तरह के राहगीरों को समस्या होती है। शहर वासियों के द्वारा शासन-प्रशासन से इस ओर विशेष रूप से ध्यान देने की अपेक्षा की जा रही है।
ओव्हरब्रिज के पास पसरा हुआ है पूरा बाजार
पदमपुर मार्ग पर ओव्हरब्रिज के नीचे और उसके आस-पास तो मानो पूरा बाजार ही सज चुका है। यहाँ कई तरह की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिसके कारण हमेशा भीड़ बनी रहती है। ओव्हरब्रिज एक तरह से चौक की तरह है, जहाँ बैतारी, घण्टेश्वरी मंदिर, कुटेला एवं सरायपाली की ओर से कई लोगों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है। यहाँ भी कई तरह की दुकानों के कारण बड़ी संख्या में दुपहिया सहित कई बार चार पहिया वाहन भी खड़े रहते हैं, जिससे अन्य मार्गों से आने वालों के लिए अक्सर खतरा बना रहता है। क्षेत्र वासियों के द्वारा इस दिशा में भी शासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए ऐसे स्थानों पर यातायात व्यवस्था दुरूस्त किये जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।





























