महांसमुद: भागवताचार्य यामिनी साहू को फोन पर मिली धमकी 5 के खिलाफ मामला दर्ज

महिला भागवताचार्य यामिनी साहू को फोन पर मिली धमकी के मामले में बागबाहरा पुलिस ने 5 अलग-अलग मोबाइल नंबर के धारकों के खिलाफ रविवार रात मामला दर्ज कर लिया है।
एएसपी मेघा टेंभुरकर ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से महिला भागवताचार्य को फोन आया था, उसके धारकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर सेल की टीम इस पर काम कर रही है। जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।
मालूम हो कि बागबाहरा निवासी यामिनी साहू के दो मोबाइल नंबर पर 15 मार्च को अज्ञात व्यक्तियों ने फोन कर धमकी दी थी। साथ ही अपशब्द भी कहे थे। यामिनी को भागवत कथा का वाचन करने से मना किया गया और ऐसा न करने पर देख लेने की धमकी भी दी गई थी। यामिनी ने इसे लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वह पिछले 10 सालों से जन जागृति समाजहित के उद्देश्य को लेकर श्रीमद् भागवत कथा का वाचन कर रही हैं। 20 से 27 मार्च तक खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम सिरगिढ़ी में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करना था। इसे लेकर 15 मार्च को अज्ञात व्यक्तियों ने फोन पर धमकी और चेतावनी दी है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यामिनी को सुरक्षा भी प्रदान किया था। भागवत ज्ञान सप्ताह के दौरान यामिनी ने पुलिस सुरक्षा के बीच ही सिरगिड़ी में कथा का वाचन किया।
























