तोरेसिंहा में महाविद्यालय खोलने के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

कॉलेज की दूरी अधिक होने के कारण कई विद्यार्थी नहीं ले पाते आगे की शिक्षा
काकाखबरीलाल,सरायपाली । ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तोेरेसिंहा के सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव में कॉलेज खोलने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है. ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि तोरेसिंहा की भौगोलिक स्थिति महाविद्यालय के लिए पूरी तरह उपयुक्त है. यहां से 8 किमी के दायरे में आने वाले सभी ग्रामों की सड़कें पक्की हैं तथा बारहों महीने सुचारू रूप से आवागमन होता है. यहां से सरायपाली महाविद्यालय की दूरी लगभग 14 किमी है एवं बलौदा कॉलेज की दूरी करीब 20 किमी है. तोरेसिंहा एवं आस-पास के अनेक ग्रामों के विद्यार्थियों के लिए यह दूरी बहुत अधिक है. आने-जाने में लगभग 25 से 30 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है. इस मार्ग पर आवागमन के लिए भी समुचित साधन नहीं है. ग्रामीणों व विद्यार्थियों को अपने निजी साधन से सरायपाली शहर की ओर आना पड़ता है. ऐसी स्थिति में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज तक नहीं आते. विशेषकर बालिकाआें के लिए इतनी दूरी तय कर कॉलेज पढ़ने जाना संभव नहीं हो पाता और इस क्षेत्र की लगभग 80 प्रतिशत बालिकाएं बारहवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं. इसके अलावा तोरेसिंहा के आस-पास के अनेक ग्राम आर्थिक दृष्टि से भी पिछडेÞ हुए हैं. आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण कई बच्चे शहर के कॉलेज तक पढ़ने जाने में कतराते हैं.
तोरेसिंहा से 8 किमी की परिधि में 7 हायर सेकेण्डरी एवं 1 हाई स्कूल संचालित है. जिसमें लगभग 300 बच्चे प्रतिवर्ष बारहवीं की पढ़ाई पूरी कर लेते हैं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने एवं आवागन के समुचित साधन उपलब्ध न होने के कारण प्रतिदिन शहर पढ़ने के लिए आना इनके लिए टेढ़ी खीर साबित होता है. इससे कई होनहार विद्यार्थी भी आगे की पढ़ाई से वंचित हो जाते हैं. उपरोक्त समस्याओं को देखते हुए क्षेत्रवासियों द्वारा अतिशीघ्र तोरेसिंहा में महाविद्यालय प्रारंभ करने की मांग की गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि तोरेसिंहा में विगत कई वर्षों से महाविद्यालय की मांग की जा रही है. इसके लिए सन् 2012 में उच्चाधिकारियों को मांग पत्र प्रेषित किया गया था. जिसे देखते हुए सहायक संचालक उच्च शिक्षा संचालनालय रायपुर की ओर से प्राचार्य शासकीय स्व. राजा वीरेन्द्र बहादुर सिंह महाविद्यालय सरायपाली को पत्र प्रेषित कर तोरेसिंहा में शासकीय महाविद्यालय खोलने हेतु वांछित जानकारी मांगी गई थी. जिस पर प्राचार्य द्वारा अपनी अनुशंसा करके यहां कला एवं विज्ञान विषय हेतु महाविद्यालय खोलने के लिए अपना अभिमत प्रस्तुत किया गया था. इसके अलावा वर्तमान विधायक किस्मतलाल नंद को विधानसभा चुनाव से पूर्व व प्रचार में आने पर कॉलेज संबंधी मांग की गई थी. जिस पर उन्होने सरकार बनने के बाद इस दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया था.
































