
रायपुर(काकाखबरीलाल)। रायपुर में दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को रोड सेफ्टी के लिए जागरुक करने आए सचिन तेंदुलकर कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। 22 मार्च को सचिन रायपुर से मुंबई के लिए रवाना हो गए थे। नवा रायपुर के क्रिकेट स्टेडियम में 5 से 21 मार्च तक खेले गए मैच के बाद ऐसा भी नहीं हुआ कि सड़क हादसों में कोई कमी आई हो। दूसरी तरफ, कोरोना के मरीज भी बढ़ चुके हैं। आलम ये है कि शहर में 5 इलाके कंटेनमेंट जोन में तब्दील किए गए हैं। रायपुर में शुक्रवार की रात तक की स्थिति में 689 नए मरीज मिले हैं। अकेले रायपुर में पिछले एक साल में 870 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में इस वक्त 4,139 मरीज एक्टिव हैं।
सोशल मीडिया पर दी पॉजिटिव होने की जानकारी
सचिन तेंदुलकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में बाकी सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सचिन ने बताया कि मैं लगातार टेस्ट करा रहा था और कोरोना से बचने के लिए सभी कदम भी उठा रहा था। हालांकि, हल्के लक्षण के बाद आज मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। सचिन बताया कि उन्होंने खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया है। वे डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। सचिन को अब क्रिकेटर इरफान पठान, युजवेंद्र चहल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन ट्वीटर के जरिए अपनी दुआएं भेज रहे हैं।
























