महासमुंद:15 अगस्त को होगा उल्लास महा-चौपाल, डिजिटल शपथ लेकर साक्षरता अभियान से जुड़ेंगे नागरिक

महासमुंद। भारत सरकार द्वारा संचालित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में असाक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में आयोजित होने वाले उल्लास महा-चौपाल को लेकर जिले में जनजागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विकासखंड महासमुंद के ग्राम चिंगरौद तथा सरायपाली विकासखंड के ग्राम छिर्रापाली में उल्लास साक्षरता केंद्रों के माध्यम से शिक्षार्थियों को सुविधा के अनुसार शिक्षा प्रदान की जा रही है। शिक्षार्थियों को केंद्र तक आने में परेशानी न हो, इसके लिए पारा-मोहल्लों में ही साक्षरता कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं में अक्षर ज्ञान के साथ पढ़ना, लिखना और दैनिक जीवन में उपयोगी गणितीय कौशल सिखाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत शिक्षार्थियों को उनकी सीखने की गति और आवश्यकता के अनुरूप सरल एवं व्यवहारिक तरीके से पढ़ाया जा रहा है। स्थानीय शिक्षक, स्वयंसेवी शिक्षक और समुदाय के सहयोग से साक्षरता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य असाक्षर वयस्कों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
15 अगस्त को डिजिटल शपथ कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में उल्लास डिजिटल शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षक, विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट-गाइड के सदस्य अपने मोबाइल में उल्लास एप डाउनलोड कर अपने परिवार अथवा आसपास के समुदाय से कम से कम एक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने का डिजिटल संकल्प लेंगे।
‘मेरा राज्य साक्षर राज्य, आजादी का असली उल्लास—जन-जन का विकास’ थीम के साथ आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता अभियान से जोड़ना है। संदेश दिया जा रहा है कि देश और समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा और साक्षरता से जुड़े।



























