महासमुंद :10 अगस्त को कृमि मुक्ति अभियान, 4.36 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में जिले में 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 36 हजार 131 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर श्री लंगेह ने अभियान के दौरान शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को दवा खिलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर सभी पात्र बच्चों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने कहा है।
सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। मैदानी स्वास्थ्य अमले, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण में कृमिनाशक दवा की निर्धारित खुराक, दवा खिलाने की प्रक्रिया, बच्चों की पहचान तथा दवा सेवन से छूटे बच्चों के लिए मॉप-अप राउंड की जानकारी दी गई।
जिला टीकाकरण अधिकारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविन्द गुप्ता ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इससे खून की कमी, कुपोषण और कमजोरी के साथ बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी असर पड़ सकता है। नियमित कृमिनाशक दवा का सेवन बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार 1 से 2 वर्ष आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल 200 मिलीग्राम तथा 2 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम की कृमिनाशक दवा दी जाएगी। दवा का सेवन स्वास्थ्यकर्मी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा शिक्षक की निगरानी में कराया जाएगा। दवा आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं गैर-शासकीय स्कूलों तथा महाविद्यालयों में खिलाई जाएगी।
10 अगस्त को दवा सेवन से छूटे बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के लिए 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक एवं मैदानी स्वास्थ्य अमला छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें मॉप-अप दिवस पर कृमिनाशक दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे





























