पिथौरा:मुढ़ीपार में विशेष ग्राम सभा, 51 विकास कार्यों का हुआ सामाजिक अंकेक्षण

पिथौरा। विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में शासन की योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जीतेन्द्र सिंगरौल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विशेष ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ग्राम पंचायत में संचालित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि कुल 51 विकास कार्य संचालित किए गए हैं, जिनमें 2 कार्य मनरेगा तथा 49 कार्य आवास योजना से संबंधित हैं। इन कार्यों पर कुल ₹11,93,890 का व्यय दर्ज किया गया है।
सामाजिक अंकेक्षण के दौरान डॉ. सिंगरौल ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक लाभ से जुड़े कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने रामचन्द्र/पतंगा के स्थल पर निर्मित कृषि तालाब का जायजा लिया। वहीं सामुदायिक हित से जुड़े मंदिर तालाब के नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता एवं स्थिति का भी अवलोकन किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. जीतेन्द्र सिंगरौल ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य केवल सरकारी आंकड़ों और योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि आम जनता को शासन की जवाबदेही एवं पारदर्शिता की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना है। विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण हों और उनकी रिपोर्टिंग ईमानदारी से की जाए, तभी शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती सुमित्रा पटेल, पंचायत सचिव श्री हरिहर यदू, रोजगार सहायक श्री विनोद कुमार, बीएसएएफ मनीषा सारथी तथा वीआरपी कोमल ठाकुर एवं नेहा पटेल सहित पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं सामाजिक अंकेक्षण टीम के सदस्य उपस्थित रहे। ग्राम सभा में सभी ने गांव के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।






























