पटेवा:तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, महिला समेत तीन घायल

पटेवा । राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम ढांक स्थित टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घटना 30 जुलाई की सुबह करीब 10:40 बजे की बताई जा रही है, जिसकी रिपोर्ट उपचार के बाद 1 अगस्त को थाना पटेवा में दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, पिथौरा के रावणभांठा पारा निवासी मधु ध्रुव (26), उनके भाई ईश्वर ध्रुव तथा मां दुर्गा ध्रुव मोटरसाइकिल (सीजी-06-एचएच-0349) से झलप स्थित एनसीसी अस्पताल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-53 पर ग्राम ढांक के पास पीछे से आ रही पिकअप (सीजी-06-एचडी-0109) के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मधु ध्रुव के सिर, दोनों हाथ और कमर में चोटें आईं, जबकि ईश्वर ध्रुव के जबड़े और आंख के नीचे तथा दुर्गा ध्रुव के सीने और दाहिने कंधे में गंभीर चोटें लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद मधु ध्रुव को छुट्टी दे दी गई, जबकि ईश्वर ध्रुव और दुर्गा ध्रुव को बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना पटेवा पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच की। प्रारंभिक जांच में पिकअप चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




























