महतारी वंदन योजना से छोटे व्यवसायों को मिला नया सहारा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही है। योजना के तहत हर माह मिलने वाली 1,000 रुपये की सहायता राशि महिलाओं की घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रदेश सरकार के अनुसार महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। इससे लाखों महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
सक्ती जिले के ग्राम जेठा की श्रीमती राजेश्वरी सिदार ने बताया कि योजना की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा होती है, जिससे घरेलू खर्चों का प्रबंधन आसान हो गया है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वे परिवार की जिम्मेदारियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और स्वयं को पहले से अधिक आत्मविश्वासी एवं सशक्त महसूस करती हैं।
वहीं जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड के चाम्पा ग्रामीण क्षेत्र की श्रीमती शकुंतला महंत ने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपने छोटे मनिहारी स्टोर का विस्तार करने में किया। उन्होंने हर माह मिलने वाली सहायता राशि को व्यवसाय में निवेश किया, जिससे दुकान में नए सामान जुड़े और ग्राहकों की संख्या बढ़ी। आज उनका स्टोर परिवार की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यकताएं आसानी से पूरी हो रही हैं।
दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नई उम्मीद, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का विश्वास जगाया है। प्रदेशभर में हजारों महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।






























