रायपुर:कृषि विश्वविद्यालय का प्रश्नपत्र लीक प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र (AGCH-221) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने घटना के महज 36 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था। 17 अगस्त को उसने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए और 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र अपने घर ले गया।
आरोपी ने सुई व नुकीले औजार की मदद से लिफाफे में छोटा छेद कर प्रश्नपत्र की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद उसने यह वीडियो अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेच दिया। बाद में प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल हो गया।
परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले 20 अगस्त की सुबह प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिलने पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन.आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक टीमों के माध्यम से डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की। पूछताछ के दौरान दुर्ग निवासी अनुज मिंज से मिले सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा और फेविकोल सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया के अलावा छात्र अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं।






























