सरायपाली:बेटे के मामले को लेकर किसान को मिली जान से मारने की धमकी

सरायपाली। थाना क्षेत्र के ग्राम कनकेवा निवासी एक किसान ने गांव के तीन लोगों पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट सरायपाली थाने में दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कनकेवा निवासी पीड़ित ने बताया कि उसके 9 वर्षीय पुत्र धनेश उर्फ पियुष से संबंधित एक मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। इसी बीच 22 मई 2026 की रात लगभग 8 बजे वह भोजन करने के बाद अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। तभी गांव के टुकलाल निषाद वहां पहुंचे और पूर्व में हुई घटना को लेकर पूछताछ करने लगे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि टुकलाल निषाद ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर टुकलाल का भाई पुस्तम निषाद तथा लीला बाई भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि उसके पुत्र के साथ जो हुआ है, वैसा ही उसके साथ भी किया जाएगा। धमकी मिलने से वह और उसका परिवार भयभीत हो गया।
घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी भारती निषाद तथा उसके चाचा मनपसर भी मौके पर पहुंच गए। चाचा ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद से वह और उसकी पत्नी लगातार भय के माहौल में रह रहे हैं। पारिवारिक मामला होने के कारण तत्काल शिकायत नहीं की गई, लेकिन बाद में 15 जून 2026 को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
































