महासमुंद:प्रसाद लेते समय महिला के गले से उड़ी सोने की चैन

महासमुंद।महासमुंद के मां महामाया मंदिर में शिव पुराण कथा के दौरान एक महिला के गले से सोने की चैन चोरी हो गई। वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा निवासी रामेश्वर साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रार्थी के अनुसार उनकी मां श्रीमती समारिन बाई साहू 17 मई 2026 की शाम मां महामाया मंदिर में शिव पुराण कथा सुनने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद जब वे घर पहुंचीं तो उनके गले में पहनी करीब 25 ग्राम सोने की चैन और 5 ग्राम का लॉकेट गायब मिला।
इसके बाद मंदिर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखने पर प्रसाद ग्रहण करने के दौरान शाम करीब 6:50 बजे दो महिलाएं उनकी मां के पास आती दिखाई दीं। फुटेज में एक महिला गले से चैन निकालकर चोरी करते हुए नजर आ रही है। चोरी गए सोने के जेवर की कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































