महासमुंद: युवक से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

महासमुंद में युवक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रार्थी शुभांक शर्मा ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 17 मई 2026 की शाम करीब 5:05 से 5:30 बजे के बीच उसे आनंद चतुर्वेदी ने अपने घर बुलाया था।
पीड़ित के अनुसार, घर पहुंचते ही आरोपी ने अश्लील गालियां देते हुए राजनीतिक पहुंच की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसके नाक, कान और मुंह पर चोटें आईं तथा खून निकलने लगा।
शुभांक शर्मा ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वह सिटी कोतवाली पहुंचा, जहां से पुलिस उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले गई। डॉक्टरों द्वारा उपचार किए जाने के बाद मेडिकल दस्तावेज भी रिपोर्ट के साथ संलग्न किए गए हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “आज तो बच गया, फिर मिला तो जिंदा नहीं छोड़ूंगा।” धमकी और चोटों के कारण वह काफी भयभीत हो गया था।
पुलिस ने मामले में आरोपी आनंद चतुर्वेदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 117(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































