सरायपाली : बेखौफ चल रहा मौत का खेल पार्किंग के नाम पर लोगों से लूट

सरायपाली (काकाखबरीलाल). मनोरंजन के लिए आए मीना बाजार में मौत का खेल खुलेआम चल रहा है, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है। पूर्व में मीना बाजार में कई हादसे हो चुके हैं, जिससे लोगों को जान भी गंवानी पड़ी है। वहीं देर रात तक मीना बाजार चलने से लोगों की नींद उड़ गई है और यातायात अव्यवस्थित होने से शाम होते ही आवाजाही में परेशानी हो रही है।
वैकल्पिक मार्ग नहीं
मनोरंजन के लिए जाने वाले लोगों को पार्किंग के नाम से लूटने का भी खेल जोरों से चल रहा है। ज्ञात हो कि प्रतिवर्ष मीना बाजार गणेश उत्सव में अन्य धार्मिक आयोजन होने पर आता है, इस वर्ष भी 30 अगस्त से शहर में एक नहीं, दो स्थानों पर मीना बाजार लगाया गया था। मीना बाजार में मौत कुआं, हवाई झूला पर पाबंदी रहती है, लेकिन कई बार शहर में घटना घटित होने के बावजूद यह दोनों मौत का खेल मीना बाजार में खुलेआम संचालक द्वारा किया जा रहा है। पूर्व में धनु यात्रा के दौरान हाईस्कूल मैदान में हवाई झूला से गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा पतेरापाली में मौत कुआं में स्टंट करते कलाकार के गिरने से भी जान गवानी पड़ी है। बावजूद इस दोनों मौत खेल को प्रशासन मीना बाजार में चलाने खुला छूट दे रखा है। इसका नाजायज फायदा संचालक द्वारा उठाया जा रहा है। शुरुआती दौर पर हवाई झूला और मौत कुआं स्थापित नहीं किया गया था, लेकिन मीना बाजार शुरू होने के 3-4 दिन बाद इन दोनों को भी शुरू किया गया है। मौत के कुआं में मोटरसाइकिल, चारपहिया वाहन एक साथ चार से पांच वाहन चलाकर स्टंट दिखाते हैं। जिनके साथ हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। जान जोखिम खेल दिखाने वाले का भी अगर प्रशासन गंभीरता से जांच करें तो उनका इंश्योरेंस भी नहीं हुआ होगा। आखिर चंद पैसे के लिए संचालक किसी की जान के साथ खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशासन इस पर मौन साधे बैठे हैं। मीना बाजार देखने जाने वाले दोपहिया, चार पहिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का धंधा जोरों से चल रहा है। अगर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली हो रही है और किसी के वाहन की चोरी होती है तो उसकी वसूली पार्किंग के राशि वसूलने वाले से होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होता। जबकि पूर्व में कई बार वाहन पार हो चुकी है। नियमित मीना बाजार का अनुमति लेने वाले को वाहन पार्किंग की व्यवस्था करनी होती है, लेकिन यहां दर्शकों से अलग से वाहन खड़े करने के नाम पर रुपए ऐंठने का खेल जारी है। दरअसल, मीना बाजार में फूड शेफ्टी को दरकिनार कर खाद्य पदार्थ परोसे जा रहे हैं। ऐसे में फूड पॉइजनिंग के मामले आने पर अधिकारी पल्ला झाड़ते नजर आएंगे।
मनोरंजन के नाम पर चल रहे मीना बाजार में एक ही रास्ते से आवागमन हो रहा है। आपातकालीन स्थिति में मरीज को लाने-ले जाने एंबुलेंस अथवा किसी गंभीर स्थिति में फायर ब्रिगेड के अंदर जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया है। प्रशासन द्वारा भी इसे अनुमति दिए जाने के पूर्व इन सब तथ्यों पर विचार क्यों नहीं किया जाता।
हो सकता है हादसा
यातायात व्यवस्था चरमराई
बीपी, शुगर, दिल के मरीज अगर भूल से भी इस ब्रेक डांस, हवाई झूला में चढ़े तो बीपी-शुगर बढ़ने, दिल का दौरा पड़ने से कभी भी उनके साथ हादसा हो सकता है। लेकिन इन तीनों खेल के सामने बीपी, शुगर, हार्ट के मरीज लोगों के लिए कोई सूचना चस्पा नहीं की गई है, जो संचालक की लापरवाही को दर्शाता है।
शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक मीना बाजार लगने वाले स्थान के रोड के दोनों छोर थाना के आगे सेंट्रल बैंक के सामने कई तरह के ठेले लगने व वाहनों को रोड में खड़े करने के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इससे हमेशा दुर्घटना का भय बना हुआ है। कभी भी कोई भी हादसे का शिकार हो सकते हैं, इससे किसी के भी जान जा सकती है। लेकिन यातायात को लेकर न तो पुलिस प्रशासन और ना ही प्रशासनिक अधिकारी ध्यान दे रहे हैं, जिसके चलते मार्ग संकरा होने के बावजूद भारी मालवाहक वाहन धड़ल्ले से तेज रफ्तार में दौड़ रही है।



























