सरायपाली :विश्राम गृह में हुई इंटरस्टेट कलेक्टर व पुलिस अधीक्षकों की बैठक

स्थानीय विश्राम गृह में जिले के सरायपाली में सीमावर्ती जिलों व राज्यों के कलेक्टर व एसपी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चाएं की गई जिनमें प्रमुख रूप से पदमपुर जिला बरगढ़ उड़ीसा के उपचुनाव को लेकर कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर चर्चा की गई। सीमावर्ती जिलों व राज्यों से अवैध धान परिवहन को रोकने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। अवैध धान परिवहन को रोकने हेतु अंतर जिला व अंतर राज्य चेक पोस्ट तैयार करने व पुलिस एवं राजस्व कर्मचारियों की तैनाती के संबंध में सहमती जताई। सरहदी जिलों व राज्य के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही बॉर्डर के थानों व जांच चैकियों के मध्य सूचनाएं बेहतर तरीके से आदान-प्रदान किए जाने हेतु रणनीति तैयार की गई। पड़ोसी राज्य उड़ीसा के पदमपुर में उपचुनाव के मद्देनजर नक्सली मूवमेंट की सूचनाओं पर विशेष ध्यान देने एवं ज्वाइंट ऑपरेशन कर कार्यवाही करने पर सभी जिलों के कलेक्टर एसपी ने सहमति जताई। बैठक में प्रमुख रूप से जिले के कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराज पटेल, कलेक्टर सारंगढ़ बिलाईगढ़ डॉक्टर फरिहा आलम, पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ बिलाईगढ़ राजेश कुकरेजा, बरगढ़ कलेक्टर मोनिशा बनर्जी, पुलिस अधीक्षक बरगढ़ स्मित परमार, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अभिषेक केशरी व थाना प्रभारी सिध्देश्वर सिंह आदि उपस्थित थे।

























