सरायपाली : 43 फीसदी ने ही लगवाई नि:शुल्क बूस्टर डोज

सरायपाली. आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विगत 15 जुलाई से 75 दिनों तक नि:शुल्क बूस्टर डोज लगाने केंद्र सरकार ने निर्देशित किया था। नि:शुल्क बूस्टर डोज लगाने के लिए मात्र 20 दिन ही शेष है। इसके बाद इसी वैक्सीन को लगाने के लिए लोगों को शुल्क देना पड़ेगा।
संक्रमण दर में कमी आते ही बूस्टर डोज लगाने वालों की संख्या में भी कमी आई है। इसके चलते पूरे जिले में बूस्टर डोज लगाने में सरायपाली सबसे पिछड़ा हुआ है। हालांकि कोविड टीका प्रथम, द्वितीय डोज लगाने में पूर्व में जिले में प्रथम स्थान पर रहा, लेकिन तीसरा टीका (बूस्टर डोज) लगाने में लोगों की रुचि घट जाने के कारण अभी तक मात्र 43 प्रतिशत लोगों को ही बूस्टर डोज लग पाई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार 18 से 59 आयु वर्ग के 145119 लोगों को नि:शुल्क बूस्टर डोज लगाने शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया गया था, इसमें से 63356 लोगों को ही अब तक बूस्टर डोज अभी तक लगी है। आंकड़े की बात करें तो बूस्टर डोज लगाने वालों में जिले में सबसे कम 43 प्रतिशत सरायपाली ब्लॉक का है। शासन के द्वारा लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने, संक्रमण दर में कमी लाने अधिक से अधिक निर्धन वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचाने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विगत 15 जुलाई से 30 सितंबर तक 75 दिनों तक नि:शुल्क बूस्टर डोज लगेगी। इसके बाद उसी टीके का 1 अक्टूबर से लोगों को शुल्क अदा करना पड़ेगा। जागरुकता, संक्रमण दर में कमी और लॉकडाउन की स्थिति निर्मित ना होने के कारण जिस तरह से प्रथम और द्वितीय कोविड टीका लगाने में लोगों ने रुचि दिखाई, बूस्टर डोज (प्रिकॉशन डोज) लगवाने में भी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। नतीजन लगभग डेढ़ लाख में से 63 हजार लोग ही इस बूस्टर डोज टीकाकरण से लाभान्वित हुए। 16 जुलाई से 18 प्लास को नि:शुल्क टीका लगाया जा रहा है।
12 से 14 आयु वर्ग के विद्यार्थियों की बात करें तो ब्लॉक में 85 प्रतिशत बच्चों को कोविड का प्रथम टीका लगवा चुके हैं। ब्लॉक में 9886 बच्चे हैं, इनमें से 8484 बच्चों को प्रथम डोज, 6271 बच्चों को द्वितीय डोज लग चुकी है। द्वितीय डोज में अब भी 22 प्रतिशत प्रथम डोज की अपेक्षा पीछे है। टीका लगाने के लिए लोग आगे नहीं आ रहे।
शुल्क देना होगा
8247 बच्चों ने लगाया टीका
बीपीएम शीतल सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अभी 18 से 59 आयु वर्ग के लोगों को नि:शुल्क बूस्टर डोज के टीके लग रहे हैं। आगामी 1 अक्टूबर से लोगों को इसी टीका को लगाने शुल्क अदा करना पड़ेगा। दो टीका लगवा चुके लोगों को अपील करते हुए कहा कि बिना समय गवाएं बूस्टर डोज अवश्य लगाएं और अपने व अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
शासन द्वारा कोरोना से लोगों को बचाने अलग-अलग समय में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए कोविड टीका जारी हुआ था। इसमें स्कूली विद्यार्थियों को सबसे बाद में टीके लगे। 15 से 17 आयु वर्गों की बात करें तो ब्लॉक में 12407 बच्चे हैं, इनमें से 8986 बच्चों को प्रथम टीका (72 प्रतिशत), जबकि 8247 बच्चों को द्वितीय टीका (66.47 प्रतिशत) लग चुका है।


























