सरायपाली : मीना बाजार को अन्य स्थान पर लगाने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नगर के वार्ड नंबर 5 पतेरापाली में मीना बाजार पर आपत्ति लगाने एवं अनुमति को निरस्त करने के लिए वार्ड के ही देवानंद प्रधान पिता वेद प्रकाश प्रधान वार्ड के द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती नम्रता जैन तथा नगर पालिका एवं थाना प्रभारी सरायपाली को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया है कि वार्ड नंबर 5 के पास कुछ लोगों द्वारा मंदिर निर्माण समिति के बहाने प्रतिवर्ष गणेश उत्सव के उपलक्ष्य में मीना बाजार लगाया जाता है तथा शासन को अंधेरे में रखकर वहां मौत का कुआं खेल का भी आयोजन कराया जाता है। श्री प्रधान ने कहा कि न्यायालय से मंदिर निर्माण सहायता के झूठे कथन पर हमेशा अनुमति लिया जाता है, जबकि यह आयोजन समिति ना तो पंजीकृत समिति है और ना ही मीना बाजार वालों से लिए जाने वाली राशि का उपयोग शिव मंदिर निर्माण में किया जाता है। इस प्रकार कुछ लोगों द्वारा एवं कुछ आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा धार्मिक कार्य होने का ढोंग रचकर अवैध राशि की कमाई की जाती है। जिसके कारण इस वर्ष गणेश उत्सव के लिए मीना बाजार एवं मौत का कुआं के प्रदर्शन के लिए दिए गए अनुमति को निरस्त करने की मांग उनके द्वारा की जा रही है। श्री प्रधान ने यह भी बताया कि यहां मीना बाजार लगने से बहुत सारे लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग किए जाने से जनजीवन प्रभावित होता है। रात्रि के समय सोने एवं बच्चों की पढ़ाई में भी समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 5 पर लग रहे मीना बाजार को तत्काल निरस्त कर यहां से अन्य जगह पर लगाने की मांग प्रशासन से की है।
























