महासमुंद : युवक पर धारदार हथियार से हमला

महासमुंद। शहर के भलेसर रोड स्थित कार गैरेज के पास विवाद के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में इमलीभाठा वार्ड नंबर 10 निवासी कृष्णा आर्य घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने रायपुर के संतोषी नगर निवासी आबिद आलम, इमरान मुसलमान और सुशील के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे की है। कृष्णा आर्य रायपुर में मोटर स्प्रे पेंटिंग का काम करता है। वह रात में महासमुंद पहुंचने के बाद अपने छोटे भाई युवराज आर्य और दोस्त आलोक सावरा के साथ मुक्तिधाम के पास आयोजित एक शादी समारोह में खाना खाने गया था। वहां उसका जीजा अमन गोहेल भी काम कर रहा था।
खाना खाने के बाद कृष्णा अपने भाई और दोस्त के साथ जीजा का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान समारोह में काम करने वाले सुशील के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद तीनों आरोपी ऑटो रिक्शा में बैठकर जाने लगे। कृष्णा उन्हें रोकने के लिए पीछे दौड़ा, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर उसे गाड़ी में खींच लिया। आरोप है कि सुशील ने कृष्णा का दाहिना हाथ और आबिद ने बायां हाथ पकड़ लिया, जबकि इमरान ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
कृष्णा की चीख-पुकार सुनकर उसके जीजा, छोटे भाई और दोस्त मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में उसे पहले जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे सोहम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले में देहाती नालसी तैयार कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।






























