राजधानी में पीलिया नियंत्रण से बाहर अब तक 190 पीड़ित,प्रशासन के हाथ-पांव लगे फूलने

रायपुर(काकाखबरीलाल)।अब शहर में पीलिया नियंत्रण से बाहर हो गया है। नालियों का पानी पाइप लाइन में आने के बाद हालत गंभीर होती जा रही है। लगभग सभी वार्डों से पीलिया के मरीज आने से प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। रविवार को विभिन्ना वार्डों में लगे स्वास्थ्य शिविर में 83 और लोगों को पीलिया होने की रिपोर्ट आ गई है । ऐसे में तीन अप्रैल से लेकर अब तक 190 लोग पीलिया की चपेट में आ गए हैं। बता दें कि तीन दिन पूर्व मेडिकल कालेज की रिपोर्ट में आमापारा स्वीपर कालोनी, छोटापारा, बैजनाथ पारा, डंगनिया, पुरानी बस्ती सहित 24 कालोनियों के घरों के पानी को जीवाणुयुक्त बताया था। इसके तत्काल बाद इन इलाकों में पानी आपूर्ति रोक कर प्रभावित वार्डों में टैकरों से आपूर्ति कराई जाने लगी। इसमें भी कीड़े मिले। इसके बाद इस गंभीर लापरवाही पर जोन पांच के कमिश्नर समेत सात इंजीनियर को मुख्यालय से अटैच कर दिया गया। इसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए लीकेज पॉइंट को बंद करने और इन्हें बदलने का काम शुरू है।
अब घर-घर मितानिन बांट रहीं क्लोरीन और दवा
अब प्रभावित इलाकों में मितानिन घर-घर जाकर प्रभावितों को क्लोरीन और दवाएं दे रही हैं। लोगों को टैकरों के पानी को गर्म कर पीने की सलाह दे रही हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों की जांच कर रही है।
63 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में
आमापारा स्वीपर कालोनी, छोटापारा, बैजनाथ पारा, मंगल बाजार, पुरानी बस्ती के बंधवा पारा व खोखो पारा के 63 लोगों का इलाज पंडरी जिला अस्पताल में चल रहा है। बाकी अन्य लोगों का इलाज उनके घर पर ही किया जा रहा है।
ये इलाके भी डेंजर जोन में
फाफाडीह, शहीद चूड़ामणि, डंगनिया, दलदल सिवनी, दलदल सिवनी, सुंदर नगर, गुढ़ियारी, शिवजी नगर, समता कालोनी सहित अन्य इलाके हैं।
गंदा पानी और पीलिया के मुद्दे पर घेरेंगे पार्षद,
अब गंदा पानी और पीलिया के मुद्दे पर पार्षद भी निगम के अधिकारियों को घेरने की तैयारी में हैं।
पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद मृत्युंजय दुबे ने बताया कि अश्विनी नगर क्षेत्र के आशु सिंह और आशीष ठाकुर को पीलिया हो गया है । पहलदवा तालाब शनि मंदिर के पास भी पीलिया के दो मरीज सामने आए हैं । रायपुर नगर निगम के सभी जोन में पीलिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, जो लगभग 300 के करीब है। यह सब रायपुर नगर निगम द्वारा गंदे पानी की सप्लाई करने के कारण है।
भाजपा पार्षद ने पूछा महापौर से सवाल- कब आएगा शुद्घ पानी
भाजपा पार्षद मृत्युंजय दुबे ने महापौर एजाज ढेबर से पूछा है कि नगर निगम कब पीने योग्य साफ पानी टंकी से सप्लाई करेगा? आज लॉकडाउन में नागरिक घर में हैं, होटल , गन्नाा रस की दुकानें बंद हैं, जिससे यह वजह साफ है कि नागरिक घर में रहते हुए भी नगर निगम का गंदा पानी पीने से ही पीलिया के शिकार हो रहे हैं । महापौर साफ पानी देने में असफल हुए हैं, जिसका जवाब उनके पास नहीं है।
सभी प्रभावित इलाकों में पीलिया के मरीजों का इलाज चल रहा है। आपूर्ति बंद है, लोगों को गर्म पानी पीने की सलाह दी जा रही है.
डॉ. मीरा बघेल , मुख्य चिकिसा अधिकारी

























