अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, अग्रवाल समाज में हर्ष अग्रमहाकुंभ के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की घोषणा, पिथौरा अग्रवाल सभा ने जताया आभार

नंदकिशोर अग्रवाल , काकाख़बरीलाल@ पिथौरा। अंबिकापुर में आयोजित अग्रमहाकुंभ के भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए अग्रसेन जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेशभर के अग्रवाल समाज में हर्ष की लहर है।
अग्रमहाकुंभ के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ राज्यमंत्री श्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल तथा बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल सहित समाज के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पिथौरा समाज की रही सक्रिय सहभागिता
अग्रमहाकुंभ के इस महत्वपूर्ण आयोजन में पिथौरा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री वेदप्रकाश गोयल एवं सचिव श्री बजरंग अग्रवाल (अधिवक्ता) ने पिथौरा अग्रवाल समाज की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता की। मुख्यमंत्री द्वारा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा किए जाने के बाद पिथौरा समाज की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति कृतज्ञता एवं आभार व्यक्त किया गया।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और उनके सामाजिक संदेश को सम्मान देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय है। अग्रसेन जी ने समाज में समानता, सेवा, परोपकार, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा से उनके विचारों और आदर्शों को व्यापक स्तर पर स्मरण करने का अवसर मिलेगा।
लंबे समय से थी मांग
अग्रवाल समाज द्वारा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग लंबे समय से की जाती रही है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद समाजजनों ने इसे अपनी भावनाओं और अपेक्षाओं के सम्मान के रूप में देखा है। पिथौरा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री वेदप्रकाश गोयल एवं सचिव श्री बजरंग अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा समाज की इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किए जाने पर पूरा अग्रवाल समाज उनके प्रति कृतज्ञ है।
उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल समाज विशेष का पर्व नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन के सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और लोककल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से इस अवसर पर सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन को भी व्यापक स्वरूप मिलेगा।
पिथौरा समाज ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
पिथौरा अग्रवाल सभा की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सरकार द्वारा अग्रवाल समाज की भावना को सम्मान देते हुए लिया गया यह निर्णय समाज के लिए गौरव का विषय है। समाजजनों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी समाजहित और जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार सकारात्मक पहल करती रहेगी।
अग्रमहाकुंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री की इस घोषणा को लेकर पिथौरा सहित पूरे क्षेत्र के अग्रवाल समाज में उत्साह का वातावरण है। समाजजनों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस निर्णय का स्वागत किया और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।






























