महासमुंद:खट्टीडीह कांपा में महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन कार्यक्रम, उत्कृष्ट महिलाओं का हुआ सम्मान

महासमुंद। जिले के ग्राम पंचायत खट्टीडीह कांपा में महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “महिला सशक्तिकरण से स्वावलंबन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेविका डॉ. एकता उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि चंद्राकर एवं जनपद सदस्य श्रीमती सुधा चंद्राकर शामिल हुईं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान रहा। इस दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की उत्कृष्ट सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिन बहनों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. एकता ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाओं के लिए घर बैठे भी रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने महिलाओं से अपनी रुचि एवं कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं और ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी प्रेरणादायी है।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि चंद्राकर ने महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती सुधा चंद्राकर ने महिला स्वावलंबन पर जोर देते हुए समूह आधारित स्वरोजगार एवं नए उद्यम शुरू करने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में महिलाओं को महिला स्वास्थ्य, महतारी वंदन योजना, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधान, आर्थिक स्वावलंबन तथा महिलाओं के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा महिलाओं एवं बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन अवसर पर श्रीमती तारिणी चंद्राकर ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अतिथियों ने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री गोपाल साहू ने किया। आभार प्रदर्शन करते हुए श्री योगेश्वर चंद्राकर ने कहा कि समाज सेविका डॉ. एकता का ग्रामीण महिलाओं के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन करना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी प्रशासन, समाज सेवा, राजनीति और तकनीकी क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण महिलाओं का आत्मविश्वास भी मजबूत होगा।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच श्री भुनेश्वर ध्रुव, श्री विकास चंद्राकर, श्रीमती शोभा शर्मा, कल्याणी, श्रीमती पूनम श्रीवास्तव, श्री रुपेश, पंच सालिक साहू, गंगाराम, ईश्वर सहित क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


























