महासमुंद:जिले में आज से शुरू हुआ सघन कुष्ठ खोज अभियान, 13.85 लाख लोगों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

महासमुंद । राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान (एलसीडीसी) संचालित किया जाएगा। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा सोमवार से घर-घर सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि अभियान के दौरान जिले की लगभग 13 लाख 85 हजार जनसंख्या तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की सर्वे टीमें घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान करेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। यह अभियान जिले के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वे दलों का गठन, प्रशिक्षण, माइक्रोप्लान तैयार करना, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक सर्वे दल में दो सदस्यों को शामिल किया गया है। दल में आरएचओ-पुरुष अथवा उपलब्धता के अनुसार आरएचओ-महिला, मितानिन प्रशिक्षक या सीएचओ को प्रथम सदस्य तथा संबंधित क्षेत्र की मितानिन को द्वितीय सदस्य बनाया गया है।
जिला नोडल अधिकारी कुष्ठ कार्यक्रम डॉ. वी. पी. सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर कुष्ठ रोग की प्रारंभिक पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे रोग के संक्रमण और उससे होने वाली विकलांगता को रोका जा सके। सर्वे के दौरान संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें तत्काल जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राव ने जिलेवासियों से अपील की है कि सर्वे दल के घर पहुंचने पर पूरा सहयोग करें तथा त्वचा पर सुन्न धब्बे, संवेदना में कमी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर जांच अवश्य कराएं। स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।































