महासुमंद

महासमुंद:सहायक प्राध्यापक के सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना

महासमुंद। शहर के शिवानंद कॉलोनी वार्ड क्रमांक 29 में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब परिवार करीब पंद्रह दिन बाद अपने घर लौटा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानंद कॉलोनी निवासी एवं वेटनरी पॉलिटेक्निक जगदलपुर में पदस्थ सहायक प्राध्यापक अपने परिवार सहित 28 मई 2026 की शाम घर में ताला लगाकर अपने गृह ग्राम बकावंड (जिला बस्तर) चले गए थे। शुक्रवार 12 जून की सुबह लगभग 7:30 बजे परिवार के साथ वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य द्वार का ताला और कुंडी टूटी हुई है।

घर के भीतर प्रवेश कर जांच करने पर पूजा कक्ष में रखी दो अलमारियां खुली मिलीं तथा उनके लॉकर भी टूटे हुए थे। अज्ञात चोर अलमारियों में रखी करीब 65 हजार रुपये नकद राशि तथा सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के हार, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चैन, चूड़ियां, टॉप्स, डायमंड टॉप्स सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण शामिल हैं।

पीड़ित के अनुसार चोरी गए नकदी एवं आभूषणों की कुल कीमत लगभग 4 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना थाना महासमुंद में दी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!