महासमुंद : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व सफलता विषय पर सेमिनार

जिला प्रशासन महासमुंद की ओर से संचालित निशुल्क कोचिंग नवकिरण अकादमी में मॉर्निंग बैच के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व सफलता विषय पर सेमिनार हुआ। सेमिनार में विशेषज्ञ के रूप में जिला महिला बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदेले शामिल हुए। समन्वयक नवकिरण अकादमी ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व सफलता विषय पर बात रखते हुए विशेषज्ञ सुधाकर बोदेले ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सबसे पहले अपने आपको तैयार करना होता है, तब तैयारी की शुरुआत होती है। इसकी तैयारी में जो औसत समय देता है और नियमित रूप से अध्ययन में लगता है उनका सफल होना तय होता है।इस फील्ड में आने के बाद बहाना व समस्या नाम की चीज को पूर्णतः भूल जाना चाहिए तब जाकर सफलता हासिल होती है। सफलता हासिल करने के लिए सबसे पहले एटीट्यूड अर्थात नजरिए की जरूरत होती है, जहां से तीन चीजें आपके अंदर आती हैं, पहला विचार, दूसरा विचार को आत्मसात करना और तीसरा अवसर मिलने पर उसके अनुकूल आचरण। ये जब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले के अंदर आता है, तो उसके बाद उसमें निरंतरता व पर्याप्तता का होना जरूरी रहता है। ये सब जब आ जाता है तो निश्चित तौर पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी होना आसान हो जाता है और सफलता मिलना भी तय हो जाता है।






















