
जशपुर(काकाखबरीलाल)। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां अमरकंटक और इससे सटे छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही इलाके में आज पारा गिरकर पांच डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां अमरकंटक में आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तो पेंड्रा में 7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके पहले करीब दस दिनों तक जहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया जाता रहा। वहीं पिछले एक सप्ताह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसके चलते इलाके में शीतलहर के हालात है। लोग ठंड से बचाव के लिए रात और दिन में भी अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं आज रविवार की सुबह अमरकंटक के नर्मदा कुंड और रामघाट के आसपास के इलाके में जब सैलानियों ने ओस की बूंदों को बर्फ में तब्दील हुए देखा तो ऐसा लग रहा था मानो बर्फ की सफेद चादर बिछ गई हो। सैलानियों ने इसका जमकर लुत्फ उठाया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।

























