नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप के साथ तस्कर धरे गए

बतौली पुलिस ने जांच के दौरान एक कार से 93 नशीला सिरप जब्त किया है। मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। जब्त कफ सिरप की कीमत 15 हजार से अधिक बताई गई है। मौके से पुलिस ने अवैध तरीके से बिक्री किए गए कफ सिरप के 14 सौ रुपये भी बरामद किया है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए गए नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाए जाने के अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर चंद्रकांत गवनों के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई हो रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी कार क्रमांक सीजी 04,डीएल 7786 को रोककर पूछताछ करने पर उसमें बैठे दो व्यक्ति कार में सवार होकर ग्राहक की तलाश करते मिले। वाहन चालक से उसका नाम पूछने पर अपना नाम योगेश पोर्ते पिता खीरू पोर्ते उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम भटको लंगरूपारा तथा बंगल सीट में बैठा व्यक्ति अपना नाम छोटू यादव पिता द्वारिका प्रसाद यादव उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम गेरसा थाना लुण्ड्रा का होना बताया। वाहन कार की तलाशी लिये जाने पर कार के सीट के पीछे एक सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी में कुल 93 नग कप सीरप कुल 93 सौ एमएल, कीमत-15 हजार 249 रुपये एवं आरोपिति छोटू यादव के पास से तलाशी के दौरान सीरप बिक्री की रकम 14 सौ रूपये बरामद हुआ। आरोपितों के विरुद्ध धारा-21(सी) एनडीपीसएक्ट के तहत अपराध पंजीबद्घ कर आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आरपी साहू, एसएसआई मनोज उपाध्याय की प्रमुख भूमिका रही।



























