
(दिल्ली काकाखबरीलाल).
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एलजी पॉलिमर उद्योग में रासायनिक गैस लीक हो गई है। आरआर वेंकटपुरम गांव में गुरुवार की सुबह हुई इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई जबकि 120 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिकारियों से बात की है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी बीमारों से मिलने के लिए अस्पताल रवाना हो गए हैं। घटना के बाद से इलाके में अफरातफरी का माहौल है। कंपनी के आसपास के पांच गांवों को खाली कराया गया है। पीएम मोदी ने की अधिकारियों से बात की कहा कि घटना के संबंध में गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारियों से बात की है, मामले की कड़ी निगरानी की जा रही है। मैं विशाखापट्टनम में सभी की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि गैस लीक में मरने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मैंने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी से बात की है। उन्होंने आगे कहा कि एनडीआरएफ की टीमों को आवश्यक राहत उपाय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभूतपूर्व और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं। गृह सचिव और जीओआई से बात की है और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है।
विशाखापट्टनम के सीपी आरके मीणा ने कहा कि गैस को निष्प्रभावी कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकतम प्रभाव लगभग डेढ़ किमी तक था लेकिन इसकी गंध लगभग ढाई किमी तक थी। 100 से 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में कुल तीन व्यक्तियों की मौत हुई है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है।



























