सांकरा :जमीन विवाद को लेकर महिला से मारपीट, आरोपी पर गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सांकरा। जिले के ग्राम बहादुरपुर में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की पुत्री ने आरोप लगाया है कि उसके बड़े पिता के पुत्र ने उसकी मां के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बहादुरपुर निवासी एक महिला, जो वर्तमान में अपने ससुराल ग्राम बगारदरहा में रहती है, को मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे गांव के कोटवार का फोन आया। कोटवार ने उसे सूचना दी कि उसकी मां श्रीमती सुलोचना भोई के साथ उनके रिश्तेदार लक्ष्मण भोई द्वारा मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही वह अपने ससुर के साथ तत्काल मायके ग्राम बहादुरपुर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल महिला को डायल 112 की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा चुका था। इसके बाद पीड़िता की पुत्री ने गांव के सरपंच, वार्ड पंच तथा अन्य ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे जमीन संबंधी विवाद को लेकर लक्ष्मण भोई ने सुलोचना भोई के साथ कथित रूप से अश्लील गाली-गलौच की तथा हाथ-मुक्कों और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट में घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है तथा पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




























