कोमाखान :बिना संकेतक खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत जानिए मामला

कोमाखान। थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा करने के आरोप में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान के मर्ग क्रमांक 30/2026 की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम भालुचुंवा निवासी छबिलाल ठाकुर (18 वर्ष) अपने चाचा पेशराज ठाकुर के साथ 19 जून 2026 को घरेलू कार्य से खरियार रोड जा रहे थे। छबिलाल बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 एचजी 1873 चला रहा था, जबकि उसके चाचा पीछे बैठे थे।
रात्रि लगभग 8 से 8.30 बजे के बीच दोनों ग्राम चंद्रपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर भीमलाल साहू की चाय दुकान के सामने पहुंचे। इसी दौरान सड़क पर पहले से खड़े ट्रक क्रमांक सीजी 04 क्यूएच 9877 से उनकी मोटरसाइकिल पीछे से टकरा गई। आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन को बिना किसी संकेतक या सुरक्षा चिह्न के लापरवाहीपूर्वक सड़क पर खड़ा किया था।
हादसे में छबिलाल ठाकुर और पेशराज ठाकुर दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद छबिलाल ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पेशराज ठाकुर को बेहतर उपचार के लिए आरएलसी अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मर्ग जांच के दौरान परिजनों एवं गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




























