सिंघोडा

सिंघोड़ा :मेडिकल संचालक को लूटने की साजिश नाकाम पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी

सिंघोड़ा।  पुलिस ने मेडिकल संचालक से लूट की साजिश रचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक लोहे का सरिया एवं दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मौलीखार निवासी वेदप्रसाद प्रधान (34 वर्ष) ने थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 28 जून की रात करीब 8 बजे छुईपाली स्थित अपने भाई की मेडिकल दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौलीखार मोड़ के पास से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनका पीछा करते हुए बोईरमाल तक पहुंचे और अचानक उनकी बाइक को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने लोहे का सरिया दिखाकर हमला करने एवं लूटपाट की कोशिश की। प्रार्थी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बाइक तेजी से भगाकर जान बचाई और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 69/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश दी और करूणा प्रधान (25 वर्ष) निवासी खरनियाबहाल, रितुराज प्रधान (19 वर्ष) तथा खीरसागर भोई (22 वर्ष) निवासी मौलीखार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने करीब एक माह पूर्व मेडिकल संचालक की बिक्री की रकम लूटने की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन तीनों ने मिलकर व्यवसायी की मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया तथा लोहे के सरिए से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी की थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक लोहे का सरिया तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!