तुमगांव:नाबालिग बालक के लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

महासमुंद । जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 भाटापारा, तुमगांव निवासी देवा नेताम (उम्र 15 वर्ष 01 माह) दिनांक 26 जून 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों द्वारा आसपास के गांवों एवं रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता गंगाराम नेताम ने थाना तुमगांव पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुमशुदा बालक के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की संभावना के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा देवा नेताम की लंबाई लगभग 4 फीट 2 इंच, रंग सांवला, चेहरा गोल, बाल घुंघराले काले हैं तथा उसकी शारीरिक स्थिति सामान्य है। घटना के समय वह लाल रंग की शर्ट और लाल रंग की पैंट पहने हुए था। वह कक्षा 7वीं का छात्र है तथा हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।
थाना तुमगांव पुलिस ने गुमशुदा बालक की तलाश तेज कर दी है तथा मामले की सूचना जिला पुलिस की संबंधित शाखाओं को भी भेज दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त बालक के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा थाना तुमगांव को सूचित करें।































