सरायपाली: हाथ में हंसिया लहराकर लोगों को डराने वाला युवक धरा गया

महासमुंद। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बलौदा स्थित गायत्री चिकित्सालय के सामने बिजली खंभे के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर थाना बलौदा में पदस्थ पुलिस टीम तत्काल शासकीय वाहन एवं विवेचना सामग्री के साथ मौके के लिए रवाना हुई। रास्ते में दो गवाहों को साथ लेकर पुलिस टीम गायत्री चिकित्सालय के सामने पहुंची, जहां एक युवक लोहे का धारदार हंसिया लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास भोई (21 वर्ष), पिता नरेन्द्र भोई, निवासी बलौदा, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया। पुलिस द्वारा हथियार रखने संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हंसिया जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 29 जून की रात 11:45 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दे दी गई है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई कर विवेचना जारी है।
































