सरायपाली में नए शिक्षा सत्र का आगाज़ “शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम” के साथ

काकाखबरीलाल@सरायपाली। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ठ विद्यालय सरायपाली एवं शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली के संयुक्त तत्वावधान में सामुहिक रुप से 16 जून 2026 को शासन के आदेशानुसार “शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम” आयोजित कर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत विद्यालय में किया गया।
सेजेस एसएमडीसी अध्यक्ष डॉ आशीष दास, आदर्श विद्यालय एसएमडीसी अध्यक्ष अमर झा,सांसद प्रतिनिधि एसएमडीसी एवं उपाध्यक्ष स्काउट गाइड संघ तारेश्वरी नायक,उपाध्यक्ष स्काउट गाइड संघ एवं अध्यक्ष अग्रवाल सभा सरायपाली/समाजसेवी अजय कुमार अग्रवाल,श्रीवास्तव कपड़ा बाजार के ऑनर एवं समाजसेवी टीनू श्रीवास्तव,सेवानिवृत्त शिक्षक द्वय शशिभूषण पाढ़ी,के.के. पाणीग्राही एवं हेमसागर प्रधान, एसएमडीसी पालक सदस्य द्वितीया अजगर,प्राचार्य गजेन्द्र कुमार अरिल्ले एवं पालकगण, शिक्षकगण,विद्यार्थीगण की गरिमामई उपस्थिति में “शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम” के साथ नए शिक्षा सत्र का सुंदर आग़ाज़ हुआ।
व्याख्याता द्वय हरिशंकर त्रिपाठी एवं जलंधर वर्गे की अगुवाई में गीत संगीत सहित अतिथियों ने मिलकर पूजन अर्चन,प्रार्थना कार्यक्रम में भाग लिया। तत्पश्चात् सभी अतिथियों का क्रमश: विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत- सत्कार,अभिनंदन किया गया।
अतिथियों के समक्ष सारगर्भित ढंग से स्वागत भाषण संस्था प्रमुख / प्राचार्य जी.के.अरिल्ले सर द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में श्रीवास्तव कपड़ा बाजार के ऑनर एवं समाजसेवी टीनू श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को शिक्षण अभिरुचि बढ़ाने प्रोत्साहन स्वरूप कक्षा पहिली से बारहवीं तक कक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्तकर्ता प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो प्रदान करने की घोषणा की एवं जीवन में मूलभूत कौशल/ दक्षताओं के प्राप्ति के संबंध में प्रकाश डाला।
अजय कुमार अग्रवाल ( उपाध्यक्ष स्काउट गाइड संघ/अध्यक्ष अग्रवाल सभा/ समाजसेवी) ने मितव्ययता हेतू जोर देते हुए मूलभूत संसाधनों की जरूरतों पर बल दिया साथ ही नन्हे मुन्ने विद्यार्थियों के हित में रुचि लेते हुए स्कूल में पेयजल की समस्या को दूर करने सार्थक पहल करने आश्वस्त किया उन्होंने तात्कालिक रूप से सभी विद्यार्थियों के लिए बिस्किट की व्यवस्था कराया।
सांसद प्रतिनिधि एसएमडीसी तारेश्वरी नायक ने कहा कि हमें खुशी है कि हम बच्चों के प्रवेशोत्सव जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होकर अपने स्कूली जीवन को याद कर पा रहे हैं। आप सभी स्कूल में जीवन गढ़ने आए हैं, प्रगति -उन्नति की ओर कदम बढ़ाने,नित्य नवीन सीख हासिल करने आए हैं इसलिए अपने लक्ष्य पर पूरे मनोयोग से फोकस करें,अपने लक्ष्य से आपको भटकना नहीं है,अनावश्यक मोबाईल आदि की लत में पड़ना नहीं है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने ज्ञान- कौशल विकास पर ही पूरा ध्यान केन्द्रित करना है।
सेजेस एसएमडीसी अध्यक्ष डॉ आशीष दास ने विद्यार्थियों को मेरिट सूची में आने के लिए स्कूल के पहले दिन से ही कमर कसते हुए खूब मेहनत करने और सफ़लता अर्जित करने प्रोत्साहित किया साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सुखद कामना की।
आदर्श विद्यालय एसएमडीसी अध्यक्ष अमर झा ने विद्यार्थियों को नियमित स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ने,स्वाध्याय करने, प्रकृति संरक्षण में योगदान देने प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और उन्हें भेंट दी गई साथ ही नियमित विद्यालय आने प्रेरित किया गया। सभी विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराया गया। विद्यार्थियों के लिए मिठाई,खीर आदि की उचित व्यवस्था स्कूल प्रबंधन द्वारा की गई।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता नरेश पटेल द्वारा एवं आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक यशवंत कुमार चौधरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाओं,पालकों, विद्यार्थियों सहित मयस्टॉफ का भरपूर योगदान रहा।































