
राजनीतिक गलियारों में चुनावी चर्चा की धूम
नन्दकिशोर अग्रवाल,काकाखबरीलाल/पिथौरा । 20 नवंबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बिसाद बिछनेलगी है। चौक-चौराहे व पान-ठेला सैलून में केवल इस बात की चर्चा है कि बसना विधानसभा का अगला विधायक कौन होगा? सबका अपना-अपना दावा है। जहां भाजपा ने नए चेहरे के रूप में सराईपाली क्षेत्र के निवासी डीसी पटेल पर दांव खेला है वहीं कांग्रेस ने जाना पहचाना चेहरा तथा पूर्व में विधायक रहे देवेंद्र बहादुर पर भरोसा जताया है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने भी यहां पूरा दम लगा दिया है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने जिला पंचायत सदस्य त्रिलोचन नायक को प्रत्याशी के रूप में पेश किया है। तीनों ही राजनीतिक दलों के बीच में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले नगर पंचायत बसना के अध्यक्ष संपत अग्रवाल सभी के लिए कांटा बने हुए हैं। जहां पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा होती है तो शुरुआत संपत अग्रवाल से होने लगी है। बता दें कि संपत अग्रवाल विगत 6 माह से बसना विधानसभा के प्रत्येक ग्रामों का दौरा कर समस्याओं से रूबरू हुए हैं। लोग उन्हें प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से प्रत्याशी के रूप में देखने लगे थे। चर्चा इस बात की है कि चुनाव जीतने के लिए वे भारी तादात में धनबल का प्रयोग करेंगे। एक समाज विशेष के द्वारा उन्हें खुला समर्थन दिया जा रहा है। बहरहाल आगे की स्थिति जो भी हो किंतु राजनीतिक गलियारों में चुनावी चर्चा ने धूम मचा कर रख दी है।






























