सरायपाली :हितग्राहियों को खराब राशन का वितरण…. वीडियो वायरल

सरायपाली (काकाखबरीलाल). ब्लॉक के राशन दुकानों में सेल्समैन द्वारा मनमाने तरीके से खराब राशन का वितरण किया जा रहा है, जो चावल खाने योग्य ही नहीं है, उसे भी जबरदस्ती हितग्राहियों को थमाया जा रहा है। इस तरह का मामला ग्राम केजुवां में सामने आया है। जहां एक नहीं बल्कि, कई पैकेटों में खराब चावल मिले हैं, जिसका हितग्राही ने न्याय पाने सोसाइटी से मिले चावल का एक वीडियो बनाकर वायरल भी किया है। जिसकी चर्चा है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विगत 25 नवंबर को सेल्समैन के द्वारा राशन कार्डधारी ग्रामीण हितग्राहियों को राशन वितरण किया गया है। हितग्राहियों को मिले राशन में जाला पड़ गया है, जो खाने योग्य नहीं है। बावजूद उसे शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन दिया गया है। हितग्राहियों ने बताया कि उनके द्वारा मौके पर ही राशन देने वाले सेल्समैन को खराब राशन देने की शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने ऊपर से ही ऐसे ही चावल आया है, जो चावल आया है, उसी को देंगे हम कहां से नया चावल देंगे, कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया। हितग्राही की बात को गंभीरता से ना लेते हुए सेल्समैन ने अपना खराब राशन देने का सिलसिला जारी रखा। खराब राशन मिलने पर हितग्राही ने मौके पर ही फोटो व वीडियो बनाकर मिले खराब राशन का सोशल मीडिया में तत्काल वायरल किया। वायरल वीडियो की सत्यता जानने का प्रयास किया गया तो वायरल करने वाले व्यक्ति से संपर्क करने पर उन्होंने खराब राशन मिलने की बात स्वीकारी और शासन स्तर तक सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो पहुंचाकर न्याय की आस में भेजा था।सभी पैकेट जाले में पड़े थे
एक नहीं बल्कि, पूरे गोदाम में रखे सभी पैकेट में जाले पड़े थे और सभी को जाले युक्त राशन दिया जा रहा था। गरीब हितग्राहियों को 1 माह के राशन का शुद्ध नुकसान हुआ है। जो गरीब परिवार केवल सोसाइटी के चावल पर ही आश्रित रहते हैं, उन्हें इस माह चावल खरीदकर खाना पड़ेगा। सेल्समैन राशन केवल कागज में ही वितरण को प्राथमिकता दी है। जो चावल दिया है वह अनुपयोगी है। सेल्समैन को खराब चावल मिलने की शिकायत की तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी। सेल्समैन के द्वारा अधिकारियों को सूचना नहीं दी।
सहायक खाद्य अधिकारी सुशीला गबेल से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि खराब चावल मिला है, तो उसे वापस लेकर नया चावल दिया जाएगा। अगर नागरिक आपूर्ति निगम से ही खराब चावल आया होगा तो केजुवां उचित मूल्य की दुकान के पूरे चावल को वापस करवा कर नए चावल का भंडारण और वितरण कराया जाएगा।



























