बसना :गढ़पटनी में नवीन धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ

बसना (काकाखबरीलाल). प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बसना के संबद्ध ग्राम गढ़पटनी में नवीन धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के उपाध्यक्ष एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बसना के अध्यक्ष इस्तियाक खैरानी थे। उन्होंने कहा कि 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल द्वारा किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसमें से किसानों का कर्ज माफी और 25 सौ रुपए में धान खरीदी महत्वपूर्ण योजना है। देश में छत्तीसगढ़ पहला ऐसा राज्य है जहां के किसानों का 25 सौ रुपए में धान खरीदी की जाती है। उन्होंने आगे कहा कि 2018 में सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल की सरकार ने 25 सौ में धान खरीदी प्रारंभ की। तब केंद्र सरकार ने काफी अड़ंगा डाला और बोनस देने या केंद्र सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से अधिक रकम पर धान खरीदी करने पर छत्तीसगढ़ का चावल नहीं लेने जैसे कठोर निर्णय लेकर ना केवल छत्तीसगढ़ सरकार को बल्कि, छत्तीसगढ़ के किसानों को भी प्रताड़ित करने का प्रयास किया। जिसका माकूल जवाब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कैबिनेट द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना लाने का निर्णय किसानों के हित में लिया और उसे लगातार 4 सालों से क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके तहत समर्थन मूल्य के अलावा बाकी रकम को छत्तीसगढ़ सरकार अपने संसाधनों से राशि जुटाकर राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को दी जाती है। इसका लाभ किसानों को मिल रहा है। खाते में राशि आने के बाद किसानों में खुशी दिखती है। बसना विधायक प्रतिनिधि मनजीत सिंह सलूजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के लिए नित नए योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। पहले 15 से 18 गांव की एक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति होती थी, लेकिन भूपेश बघेल की सरकार ने बड़े सहकारी संस्थाओं का विकेंद्रीकरण कर किसानों के धान एवं समय बचत करने के लिए छोटी-छोटी सरकारी समितियों का गठन किया गया है। इसके अलावा इस वर्ष कई नए धान उपार्जन केंद्रों की सौगात दी गई है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है।
कम दूरी पर उपार्जन केंद्र होने से किसानों की हो रही बचत
इससे किसानों को निकट के सहकारी संस्था में खाद, बीज एवं ऋण लेने में सहूलियत हो इतना ही नहीं, छोटे-छोटे धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से किसानों को धान बेचने 15 से 20 किलोमीटर की दूरी तय करनी नहीं पड़ती बल्कि, दो-तीन किलोमीटर के दायरे में स्थित उपार्जन केंद्रों में आसानी से अपनी उपज बेच सकते हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत बसना के पूर्व अध्यक्ष तौकीर सरवर दानी, वरिष्ठ पार्षद ख्वाजा तनवीर सईद, वरिष्ठ कांग्रेसी भोलसिंह सिदार, पूर्व सरपंच नवीन कुमार साव, सरपंच अनिता भोई, जनपद सदस्य लाला अमरनाथ कैवर्त मंचस्थ थे। इस अवसर पर किसान ढालेंद्र पटेल, विद्यापन पटेल, सियाराम पटेल, विक्रमादित्य पटेल, बालमकुंद पटेल, विवेकानंद पटेल, अजय साहू, थबीर पटेल, सेतनारायन उपस्थित थे।
























