बड़ी मात्रा में नकली ब्रूक बांड रेड लेबल टी सहित डव शैम्पू व सर्फ एक्सेल पाउडर की पैकेजिंग करने वाले को पुलिस ने दबोचा

रायपुर (काकाखबरीलाल). पुलिस ने 3 कारोबारियों के घर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली ब्रूक बांड रेड लेबल टी सहित डव शैम्पू व सर्फ एक्सेल पाउडर जब्त किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा ने बताया कि आईपी क्राइम प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली के आपरेशन मैनेजर अनिल की सूचना पर कारोबारी प्रताप बनर्जी के पुराना राजेंद्र नगर स्थित निवास पर छापामार कार्रवाई की गई।
इसमें बड़ी मात्रा में रेड लेबल टी की नकली पैकेजिंग वाले खाली डब्बे मिले। इसके बाद प्रताप के बयान के आधार पर उसने कैलाश असीजा व प्रकाश पृथ्वानी के साथ मिलकर नकली उत्पाद कर पैकेजिंग करना स्वीकारा है। पुलिस टीम ने प्रकाश के गुढ़ियारी स्थित गोडाउन में भी छापामार कार्रवाई की है। इसके बाद तीनों कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे अभी और भी खुलासे हो सकते हैं।
































