इस बाबा पर महिला ने लगाया रेप का आरोप, धर्म-कर्म की आड़ में कर रहा था दैहिक शोषण

जबलपुर(काकाखबरीलाल)। जिले के उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा के संजीवनी नगर में पुलिस ने एक ढोंगी एक नारियल वाले बाबा को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला विजयनगर की रहने वाली है, जिसने भद्रकाली दरबार के संचालक संजय महाराज उर्फ संजय उपाध्याय पर धर्म-कर्म की आड़ में रेप करने का आरोप लगाया है।
1 नारियल वाले पंडा के नाम से मशहूर ये ढोंगी बाबा एक नारियल लेकर लोगों की सभी समस्याओं का समाधान करने का दावा करता है। बीते 10 सालों में इसने हजारों लोगों को यही आश्वासन देकर अपना शिष्य बनाया। जिनमें महिलाएं, युवतियां, छात्र और सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। कुछ दिनों पहले इनके दरबार के बाहर एक बुजुर्ग पति- पत्नी ने भी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखने और उसकी शादी तुड़वाने के आरोप लगाए थे। उस समय भी संजय महाराज के खिलाफ युवती के माता पिता ने गढ़ा थाने में शिकायत की थी, लेकिन युवती ने सारे आरोपों का खंडन कर महाराज को बचा लिया था।
बहरहाल इस बार एक नारियल में दूसरों की मुसीबतें दूर करने वाले संजय महाराज सलाखों के पीछे खुद मुसीबत में हैं। अखबार और चैनलों में इनके महिमामंडन के कई विज्ञापन भी चले हैं, जिसमें यह लोगों की हर प्रकार की समस्या का समाधान करने का दम भरते थे। संजीवनी नगर थाना पुलिस आरोपी संजय उपाध्याय से विस्तार से पूछताछ कर रही है।





























