सरायपाली:छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण

सरायपाली। स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय
सरायपाली के प्राचार्य डॉ. ऊषाकिरण अग्रवाल के संरक्षण एवं यू के बरिहा और डॉ. आर एस पटेल के नेतृत्व में महाविद्यालय के स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। शैक्षणिक भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने घुंचापाली में स्थित देवी मां चंडीमाता का दर्शन कर उससे संबंधित जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात गरियाबंद में स्थित विश्व के सबसे बड़े शिव मंदिर भूतेश्वरनाथ का दर्शन किया तथा वहां के निवासियों से इस संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अंतिम चरण में विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के गंगा के रूप में प्रसिद्ध तीर्थ स्थल राजिम का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां प्रत्येक वर्षअर्धकुंभ मेले का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा महानदी के बीच में स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर, नदी के दूसरी छोर में स्थित सातवीं शताब्दी में स्थापित भगवान राजीव लोचन मंदिर का भी दर्शन कराया गया और उसके ऐतिहासिक स्वरूप के बारे में मंदिर पुजारी से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की गई । इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. पटेल के द्वारा इस मंदिर के निर्माण, कल्चुरी शासन और नल वंश के शासकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस शैक्षणिक भ्रमण में महाविद्यालय के जनभागीदारी सहायक प्राध्यापक आरती साहू एवं पूजा सोनी भी छात्र-छात्राओं के साथ सम्मिलित हुए।
























