छत्तीसगढ़ की डॉ. चित्ररेखा केबीसी के हॉट सीट पर होंगी, आज होगा प्रसारण

जांजगीर (काकाखबरीलाल)। कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) का 11वां सीजन सोमवार 19 अगस्त से शुरू होगा। इस सीजन के पहले ही एपीसोड में जिले के गांव पोंच की बहू डॉ. चित्ररेखा राठौर हॉट सीट पर बिग बी के सामने होंगी। बलौदा ब्लॉक के ग्राम पोंच के डॉ. अश्वनी राठौर की पत्नी डॉ. चित्ररेखा राठौर रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर में आयुर्वेद की रेसीडेंस डॉक्टर हैं, उनकी खुद की क्लीनिक भी है।
डॉ. राठौर ने बताया कि 8 मई को उनकी शादी की एनिवर्सरी थी, उसी दिन केबीसी से कॉल आया और टेलिफोन पर ही तीन सवाल पूछे गए, जिसका जवाब उन्होंने दिया। इसके बाद फिर रेंडमली कॉल आया और भोपाल में ऑडिशन हुआ। ऑडिशन में बेटर परफॉरमेंस के आधार पर मुंबई के लिए चयन हुआ। यहां से टॉप टेन कंटेस्टेंट में आने के लिए भी मेहनत करनी पड़ी। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट खेलने का अवसर मिला।
डॉ. चित्ररेखा राठौर ने बताया कि जब आप सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलने की सोचते हैं, तब आप यह जान नहीं सकते कि आप किस प्रकार उत्साहित हैं। वैसा ही हुआ, जब उन्होंने हॉट सीट के लिए मेरा नाम लिया। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। उन्होंने बताया कि 76 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन एनर्जेटिक हैं।





















