पटेवा:मेडिकल स्टोर के सामने से सब्जी विक्रेता की बाइक चोरी, डिग्गी में रखे थे 10 हजार रुपये

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर ने एक सब्जी विक्रेता की मोटरसाइकिल चोरी कर ली। चोरी की घटना झलप के छिलपावन चौक स्थित गगन मेडिकल स्टोर के सामने हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हारमुड़ा निवासी एक सब्जी विक्रेता 5 जुलाई को ग्राम रायतुम के साप्ताहिक बाजार में अपनी बजाज मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GX-9924 से सब्जी बेचने गया था। सब्जी बिक्री के बाद प्राप्त करीब 10 हजार रुपये बारिश के कारण मोटरसाइकिल की डिग्गी में रख दिए थे।
रात्रि करीब 8 बजे घर लौटते समय वह झलप के छिलपावन चौक स्थित गगन मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने के लिए रुका। उसने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी कर दवाई लेने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर देखा कि मोटरसाइकिल वहां से गायब थी।
पीड़ित ने आसपास के लोगों, परिचितों और रिश्तेदारों से वाहन की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 8 जुलाई को उसने थाना पटेवा पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गई पुरानी बजाज मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पटेवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित अन्य माध्यमों से चोर की तलाश कर रही है।

































