पटेवा:आबकारी छापे के दौरान बवाल, अधिकारियों पर हमला कर आरोपी फरार

पटेवा । थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान झलप में आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, गाली-गलौच एवं आरोपियों को छुड़ाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को थाना पटेवा में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक जेवियर तिर्की ने आबकारी उप निरीक्षक अनिल कुमार झारिया द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 28 जून की रात्रि लगभग 9:15 बजे से 10:00 बजे के बीच जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में कम्पोजिट मदिरा दुकान झलप में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की गई थी।
आबकारी विभाग की टीम द्वारा कथित रूप से चेतन रोतिया, मुकेश कोसले एवं सेवन जोशी के संयुक्त कब्जे से 336 नग देशी प्लेन शराब पाव, जिसकी कुल मात्रा 60.48 बल्क लीटर बताई गई है, बरामद की गई। आवेदन के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी, उसके पिता अवधेश मिर्धा तथा अन्य साथियों ने मौके पर पहुंचकर आबकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पकड़े गए व्यक्तियों और जब्त शराब को बलपूर्वक छुड़ाकर मौके से फरार करा दिया। साथ ही, मदिरा दुकान के मुख्य विक्रेता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान उपस्थित आबकारी अधिकारियों एवं दुकान कर्मचारियों द्वारा पूरी घटना देखे जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।
आबकारी विभाग ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं तीन मोबाइल फोन पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह मामला प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) में दर्ज आरोपों पर आधारित है तथा मामले की जांच अभी जारी है।































