पटेवा

पटेवा:प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने की बेटी की हत्या जानिए मामला

महासमुंद । जिले के थाना पटेवा क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने इसे ऑनर किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) का मामला बताया है। पुलिस ने मृतका के पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के गले और शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिलने पर थाना पटेवा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक सूचना के माध्यम से मृतका की पहचान करने का प्रयास किया, जिसके बाद उसके पति ने शव की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रानी कुमारी सिंह ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। पुलिस के मुताबिक तीनों ने मिलकर रानी की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि परिजनों ने रानी को जबरन अपने साथ ले जाकर सुनसान खेत में उसकी निर्मम हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की टीम गुजरात के सूरत पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की सहायता से मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!