रेत माफिया निजी जमीन पर बिना अनुमति लिए कर रहे अवैध खनन

- थाना प्रभारी एवं एसडीएम को शिकायत कर लगाएंगे न्याय की गुहार
- हौसले इतने बुलंद कि जमीन मालिक की भी नहीं सुन रहे
काकाखबरीलाल,सरायपाली। इन दिनों क्षेत्र में रेत माफियाओं, इंटा भट्ठा संचालकों एवं आवास बनाने वालों के द्वारा निजी जमीन को बिना अनुमति के अवैध खनन किया जा रहा है. इनके हौसले इतने बुलंद है कि जमीन मालिक द्वारा मना करने का भी इसका असर नहीं हो रहा है. जिसके कारण भू-स्वामी भू-माफियाओं के इस अड़ियल रवैये से परेशान हैं. उनके द्वारा बहुत जल्द ही सरायपाली थाना प्रभारी एवं एसडीएम को इस संबंध में शिकायत कर उचित कार्यवाही की मांग करने की बात कही जा रही है. ऐसा ही मामला ग्राम अमरकोट में देखा गया जहां एक किसान के जमीन में क्षेत्र के रेत माफियाओं द्वारा खनन कार्य को अंजाम दिया गया है.

अमरकोट के किसान रूक्मण प्रसाद पटेल ने बताया कि उनका टिकरा बानीपाली नाला के किनारे है. जिस पर विगत 3 माह से क्षेत्र के र्इंट भट्ठा संचालक, अवैध रेत भण्डारण करने एवं मकान बनाने वाले लोग बकायदा टेक्टर लेकर पहुंच रहे हैं और बिना जमीन मालिक को पूछे टिकरा से निकल रहे शुद्ध रेती को निकालकर ले जा रहे हैं. जब किसान को कुछ दिन पूर्व ही उनके टिकरा से अवैध खनन की जानकारी हुई तो वे मौके पर भी पहुंचे और रेत ले रहे लोगों को मना भी किया. लेकिन रेत माफिया जमीन मालिक के साथ ही झगड़ा के लिए उतारू हो गए और गाली गलौच तक कर डाले. जमीन मालिक के साथ काफी देर तक बहस भी हुआ, लेकिन वे अपने कार्य को अंजाम देते रहे. जमीन मालिक ने बताया कि उनका टिकरा लगभग आधे एकड़ का है जिसमें से कुछ भाग से रेत निकाला जा चुका है, जिसकी जानकारी उनको नहीं थी. कुछ ग्रामीणों के बताने के बाद उन्हें पता चला. अब उन्हें यह डर सता रहा है कि इसी तरह अवैध उत्खनन का कार्य होता रहा तो उनका टिकरा अनुपयोगी होकर गड्ढे में तब्दील हो जाएगा. जिसे खेती योग्य बनाने के लिए उन्हें लाखों रूपए खर्च करने पडेगे. बिना अनुमति टेक्टर से हो रहे रेत का अवैध परिवहन पर रोक लगाने एवं दण्डात्मक कार्यवाही के लिए उन्होने अतिशीघ्र एसडीएम एवं पुलिस से शिकायत करने की बात कही है.
टैक्स बचाने के लिए रात में करते हैं अवैध उत्खनन
क्षेत्र में इस तरह का खेल काफी दिनों से चल रहा है. लेकिन उन पर किसी तरह की कोई कार्यवाही विभाग की ओर से नहीं होती है, जिससे वे अपने अवैध काम को बखूबी अंजाम देते हैं. हाल ही में सिरबोड़ा से अंग नदी में रेत लेने के लिए जा रही एक टेÑक्टर के नौसीखिए ड्रायवर की लापरवाही के चलते एक बराती वाहन चालक की मौत हो गई थी एवं 6 लोग घायल भी हो चुके हैं. इस घटना से भी प्रशासनिक अधिकारी सचेत नहीं हुए हैं और इस तरह के कार्य बेधड़क चल रहा है. टैक्स बचाने एवं कार्यवाही के डर से ट्रेक्टर चालक रात को अवैध रेत खनन के कार्य को अंजाम देते हैं.

























