सरायपाली : स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो अवैध क्लीनिकों में दी दबिश

सरायपाली. बीएमओ व उनकी टीम ने रविवार को अवैध रूप से चल रहे दो क्लीनिक को सील किया। दो दिन पहले ही अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी अनुसार खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीबी कोसरिया ने ब्लॉक के 23 निजी क्लीनिक संचालकों को विगत दिनों वैद्य नर्सिंग होम एक्ट पंजीयन की जानकारी प्रस्तुत करने नोटिस जारी किया था। जिसका 3 दिनों के अंदर में जवाब प्रस्तुत करना था, लेकिन किसी ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोटिस का जवाब नहीं देने वाले क्लीनिक संचालकों के यहां दबिश दी। बीएमओ की टीम बागद्वारी चौक पर ललित कुमार यादव के निजी क्लीनिक के यहां छापा मारा। जहां पाया कि उक्त क्लीनिक संचालक के पास कोई वैध डिग्री नहीं थी और बिना कोई वैद्य डिग्री के क्लीनिक का संचालन कर इलाज किया जा रहा था। अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को बीएमओ की टीम ने नर्सिंग होम एक्ट का उल्लंघन करते पाए जाने पर सील किया। इसी तरह छुईपाली के निजी क्लीनिक संचालक सुभाष ताण्डी निवासी सल्डीह के क्लीनिक में दबिश दी तो उसने अल्टरनेटिव इलेक्ट्रो होम्योपैथी डिग्री करना बताया। लेकिन उसे नर्सिंग होम एक्ट पंजीयन की डिग्री नहीं दिखा पाया। क्लीनिक के अंदर ग्लूकोस की बहुत सारी खाली बॉटल, एलोपैथिक दवाइयां व उपयोग की गई दवाइयों की शीशी, अवैध रूप से संचालित किए जा रहे माइक्रोस्कोप, सेंट्रीफ्यूज मशीन आदि पाए गए। बीएमओ डॉ. बीबी कोसरिया ने बताया कि बिना किसी वैद्य डिग्री के चिकित्सकीय कार्य सहित मेडिकल और पैथोलॉजी का संचालन करने वालों के विरूद्ध छापेमार कारवाई कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, ताकि अनैतिक कार्य करने वाले किसी की जिंदगी के साथ खिलवाड़ न कर पाएं।

























