
काकाखबरीलाल बिलासपुर। गांजा तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए नया तरीका अपनाया। वे अपनी कार के सामने शादी का पैम्पलेट चिपका कर गांजा तस्करी कर रहे थे। ताकि पुलिस को भनक भी ना लगे और पुलिस की तलाशी से भी बच सके। लेकिन, तोरवा पुलिस व क्राइम ब्रांच ने शनिवार को पुख्ता सूचना पर नाकेबंदी कर कार को रोक लिया और 4 तस्करों को पकड़ लिया। कार से 100 किलो गांजा भी बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्राइम ब्रांच की टीम को ओडिशा पासिंग की कार में गांजे की तस्करी की खबर मिलते ही तोरवा पुलिस के साथ नाकेबंदी शुरू कर दी। लालखदान-महमंद के पास वाहनों की जांच के दौरान टीम ने ओडिशा पासिंग की कार को देख लिया और रोक कर पूछताछ करने लगे। कार के सामने शादी का पैम्पलेट लगा हुआ था। लिहाजा, उसमें सवार युवक पुलिस को चकमा देकर गुमराह करने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस ने कार की तलाशी लेनी शुरू कर दी। एडिशनल एसपी सिटी नीरज चंद्राकर ने बताया कि लक्जरी कार 15 जी 5772 की डिक्की में अलग-अलग पैकेट्स में 100 किलो गांजा निकला। सभी आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।























