पिथौरा:मेमरा के पास दो बाइक की भिड़ंत, गंभीर चोट से 60 वर्षीय युवक की मौत

पिथौरा। ग्राम राजासैवेया निवासी 60 वर्षीय दयाराम साहू की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा NH-53 पर ग्राम मेमरा के पास हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल ने दयाराम की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2025 को सीएचसी पिथौरा से एंबुलेंस चालक मिथुन कुमार द्वारा दयाराम साहू की सड़क दुर्घटना में मृत्यु की सूचना दी गई। सूचना पर थाना पिथौरा में मर्ग क्रमांक 56/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक ने मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना से आई चोट बताया।
मर्ग जांच के दौरान गवाह हेमंत कुमार साहू तथा चश्मदीद गवाह अमृतलाल ठाकुर के बयान लिए गए। उनके अनुसार, दयाराम साहू अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG04NY8965 से राजासैवेयाखुर्द से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेमरा के पास विपरीत दिशा से आ रही एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HA2802 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए दयाराम की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दयाराम को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मर्ग जांच में बाइक चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।





























