कोमाखान:ठेले के पास जाने से भड़का युवक, राजमिस्त्री को जमीन पर पटककर चूड़े से सिर फोड़ा

कोमाखान। ग्राम कसेकेरा नवाडीह में ठेले के पास जाने की बात को लेकर विवाद के बाद एक युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे गांव का निवासी राजमिस्त्री अपने दोस्तों कमलेश, गोलू और अमन से बात करने के लिए गिलेश यादव के ठेले के पास गया था। आरोप है कि वहां गिलेश यादव ने ठेले के पास आने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ठेले से बाहर आया और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ में पहने चूड़े से सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर में चोट लगने के साथ खून बहने लगा। घटना के दौरान कमलेश और अमन ने बीच-बचाव किया। मामले में कोमाखान पुलिस ने धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।




























